मंगलवार, 18 मार्च 2014

जिद्दी लड़के

क्रांति के सिलाई मशीन पर 
सीते है वो कफ़न 
जहर उनके जीभ तले होता है 
वो जिद्दी लड़के होते हैं 
जिद्दी होते हैं उनके अरमान 

जिद्दी लड़के फाड़ सकते हैं
अपने मेट्रिक का सर्टिफिकेट
छोड़ सकते हैं अपना घर
दरवाजे पर लात मारकर
कर सकते हैं किसी से टूटके प्यार
हजम कर सकते हैं कड़वा से कड़वा सच
जिद्दी लड़के ज़माने को ठोकरों पे रखते हैं
जिद्दी लड़के नाखुनो की तरह चबाकर फ़ेंक देते हैं अपनी किस्मत
घर के कूड़ेदान में
अपनी कुण्डलियाँ जलाकर
घर से दूर कर देते है दकियानूसी कीड़े
जिद्दी लड़के
चाकुओं से हथेलियों पर किस्मत लिखते हैं
जिद्दी लड़के
जिद्दी होते हैं
कोई सिस्टम कोई कानून
उनके जिद के आगे नहीं टिकता
इसलिए जिद्दी लड़के सूली पे चढ़ाये जाते हैं
क्यूंकि वो जिद्दी होते हैं
लेकिन जिद्दी लड़के कभी मरते नहीं
सिर्फ लड़के मरते हैं
जिद्दी लड़के ज़िंदा ज़िंदा से रहते है
हिस्ट्री के टेक्स्टबुक में
या रंग बिरंगी टी-शर्टों पर
शान से घूरते हुए
मुस्कुराते हुए

अराहान

शुक्रवार, 14 मार्च 2014

एक रात

वो रात शहद थी 
जब तुम ख़ुशी ख़ुशी गिरफ्तार  थी 
मेरे बाहों के आगोश में 
लात मार कर तुमने बंद कर दिया था, रिहाई का दरवाजा 
जब पूरी दुनिया बन गयी थी वकील 
हाथ में जमानत का कागज़ लेकर 
उस रात बड़ी तेज हवा बही 
लेकिन बुझा न सकी 
तुम्हारे प्रेम कि निरंतर जलती लौ को 
तुम्हारा हाथ थाम कर 
शिखर पर चढ़ गयी, मेरी मुहब्बत कि लंगड़ी उम्मीदें 
तुमने चाँद पर लिखकर एक प्रेमपत्र 
बता दिया दुनिया को कि तुम अपने हाथ में 
बाँध चुकी हो प्रेम नामक हथकड़ी 
और हो गयी हो आजाद, खुद से, दुनिया से 
उस रात दरवाजा पिटती रही तालिबानी दुनिया 
करती रही सभ्यता संस्कृति का विधवा विलाप 
उस रात झींगुरो के रुदन के बीच 
जुगनुओं ने बताया चाँद को 
कि आसमान में लौट रहे हैं 
जमीन से जख्मी होकर दो परिंदे 
आजाद हवाओ में आजादी कि सांस लेने 

अरहान 

गुरुवार, 3 अक्टूबर 2013

हमें अच्छा लगता है रोज थोड़ा जी जी के मरना

छत से सीधा कूदकर
मरा जा सकता है
या फिर 10 ml ज़हर पीकर
ख़त्म की जा सकती है सौ ग्राम ज़िन्दगी
पर हमें
रोज थोड़ा थोड़ा मरना पसंद है
रोज थोड़ा थोड़ा दफ़न होना पसंद
हमें अच्छा  लगता है
रोज थोड़ा जी जी के मरना

अराहान 

मंगलवार, 1 अक्टूबर 2013

हीर रांझा

वो जो अभी ट्रेन छुटी है
वो तुम्हारे शहर को जाने वाली आखिरी ट्रेन थी
और किसी ने रोका भी नहीं वो ट्रेन
शायद ट्रेन में बैठी थी वो माएं,
जो अपने बेटियों को देती हैं
प्रेम ना करने की हिदायत,
स्टार प्लस के सीरियल्स देखते हुए।
सिखाती है अपनी बेटियों को सिलाई बुनाइ कढाई
आचार बनाने के तरीके
और बताती है सोलह सोमवार के व्रत के बारे में

उस ट्रेन में बैठे थे सरकारी दफ्तरों में काम करने वाले वो बाप
जिनके फिक्स्ड डिपोजिट अकाउंट में जमा होता है दहेज़ देने के लिए पैसा
और जिनके लिए दामाद का मतलब होता है सिर्फ डॉक्टर इंजिनियर और ऑफिसर
शायद इसलिए रुकी नहीं वो ट्रेन

कल तक तुम्हारे और मेरे शहर के बीच की दुरी किलोमीटर में थी
आज पता नहीं कैसे ये तब्दील हो गयी प्रकाशवर्ष में
कल तक तुम्हारे और मेरे शहर के बीच सिर्फ एक नदी थी
जिसके किनारों पर बैठकर हम दोनों गाते थे नदिया के पार फिल्म के गाने
पर ना जाने क्यूँ आज वो नदी बदल गयी है
इस ब्रह्माण्ड से भी बड़े समंदर की तरह
अब मैं समंदर की किनारे बैठकर सुन भी नहीं सकता तुम्हारे मूह से गाया हुआ
सात समंदर पार मैं तेरे पीछे पीछे आ गयी वाला गाना

दिवाली में जलाये जाते है दीये खुशियाँ मनाने के लिए
पर कभी कभी ये दिया घर भी जला देता है
दिवाली में जलाया जाता है अनार बम
धमाके के लिए नहीं
उसके इर्द गिर्द घूमकर खुशियाँ मनाने के लिए
पर कभी कभी ये हाथ में ही फट जाता है
और जला देता है
प्यार भी तो किया जाता है
खुश रहने के लिए ही ना
तो फिर क्यूँ तबाह हो जाती है
ज़िंदगिया प्यार में
अगर तुम्हे मुझसे इतना दूर ही होना था
तो फिर क्यों लिखा मेरे हाथ पे रांझा
और अपने हाथ पे हीर

हो गए ना हम दोनों भी जुदा
रांझा और हीर की तरह
अराहान

सोमवार, 30 सितंबर 2013

हैंगओवर

तुम्हे इमली खाना अच्छा लगता है
मुझे अंगूर खाना अच्छा लगा है
तुम्हारे पास इमली नहीं है
मेरे पास अंगूर नहीं है
तुम्हारे पास सिरके का एक बोतल है
मेरे पास शराब की एक बोतल है
मैं अपने बोतल से शराब पि लेता हूँ
तुम अपने बोतल का सिरका मुझे पिला देती हो
और फिर देर रात तक बिखर बिखर के टूटता है मेरा हैंगओवर
तुम्हारे आंसुओं से भींगते हुए
तुम्हारी बाहों में

अराहान 

तुम्हारी आँखों का पानी खारा है

समंदर का पानी खारा है
तुम्हारी आँखों का पानी भी खारा है
समंदर आँख नहीं है
पर आँख समंदर है
मुझे तैरना आता है
इसलिए मैं डूबता नहीं हूँ समंदर  में
पर तुम्हारी आँखों
डूब के मर जाना
एक अलौकिक प्रक्रिया है
क्यूंकि तुम्हारी आँखें
नहीं मानती है
भौतिकी के किसी सिद्धांत और नियम को
इसलिए मुझे हर बार डूबना होता है
तुम्हारी बिल्लियों जैसी आँखों में

अराहान 

Urban Legends

मेरे गितारों पे खून है
 कानों में डेथ मेटल का शोर है
 मेरे टी शर्ट पे मिडिल फिंगर है
 और चार सितारे है
 मैं असभ्य हूँ
 जंगली हूँ
 पर मेरे टीशर्ट के पीछे एक दिल भी है
 जहाँ एक खालीपन है
 थोड़ा धुआं और थोडा tar है
मेरे कमरे की दीवारों पर एक Graffiti है
मेरे बर्बाद हो जाने का डिजिटल आर्ट
मुझे लास्ट लीफ की जरुरत है
तुम्हे आम भी बनाने नहीं आता
मेरे पास आईना नहीं है
मेरे पास मुखौटा नहीं है
बस तुम्हारा चेहरा है
 और एक kaleidoscope है
 और सारी दुनिया का चिडचिडापन है
 मुझे झूमने का शौक था
 पर भटकने का नहीं, खोने का नहीं
 तुम्हारे हाथों में ता उम्र रहा मेरे ज़िन्दगी का joystick
मैं खोता रहा भटकता रहा
 तुम che guevera के चेहरे वाले टीशर्ट देकर मुझे आजाद बनाती रही
 और मुझे पता भी ना चला की कहाँ खो गया वो joystick
 कब मैं गुलाम बन गया अपनी ही लाचारी का
" You are a retard"
 कह के तुम गुम हो गयी
और मैं तुम्हे ढूंढता रहा हीर राँझा की कहानियों में
 मुहब्बत के झूठे urban legends में

 अराहान