गुरुवार, 27 दिसंबर 2012

वापसी

लौट जाना चाहता हूँ मैं फिर से उसी गली में 
जहाँ वर्षों से मेरे इन्तेजार में खड़ा है एक खंडहरनुमा घर
अपने खिडकियों में कुछ बेचैन आँखों को टाँके हुए
अपनी दरकती दीवारों में टूटने का सबब संभाले हुए
लौट जाना चाहता हूँ मैं फिर से उसी गली में
मैं लौट जाना चाहता हूँ फिर से उसी घर में
जिसके अहाते में चावल चुन रही एक बूढी औरत चौंकती है कौवों की कांव कांव पर
उसे अबी भी यकीन होगा इस कहावत पर की
"सुबह का भुला लौटता है शाम को"
और इसी लिए हर शाम दिया रख जाती होगी दरवाजे पर
मैं लौट जाना चाहता हूँ उसी घर में
जिसके कमरे में एक बूढा
अख़बार में ढूंढ रहा होगा गुमशुदा लोगों की फेहरिस्त में किसी का नाम
और खुद को दे रहा होगा तसल्ली की
दुनिया के किसी कोने में जल ही रहा होगा उसके घर का चिराग

अराहान 

आजादी

हमलोग जेल की दीवारों पर
लिखते रहे खून से  आजादी की कवितायेँ 
जेल के रोशनदान से भेजते रहे 
आजाद हवाओ को प्रेमपत्र 
हाथो में जडी लोहे की बेड़ियों से भी की हमने 
अपने आजाद दिनों की बाते 
दीवाल पर रेंगती छिपकलियों को भी हमने बताया 
की 6X 8 के इस तंग कमरे में भी ढूंढा जा सकता है एक आजाद कोना 
एक अपना कोना जहाँ हम गुलाम होते हुए भी जाता सकते हैं अपना स्वमित्व 
जी सकते हैं एक बादशाह की तरह इस काल कोठरी में 
हम लोगो बीस साल जेल में कैद नहीं थे 
यूँ कहें तो हम लोगो ने जिया था उन बीस सालो को 
एक आजाद पंछी की तरह 

अराहान 

26 दिसंबर 2012 

शुक्रवार, 26 अक्टूबर 2012

मेरे रात का एक हिस्सा


कभी तुम चुपके से चुरा लेना
मेरी रात का एक टुकडा
और सो जाना मेरे रात के हिस्से में
तुम्हे पता चलेगा की
चाँद के लाख चमकने के बावजूद भी
मेरी रातें कितनी अँधेरी हैं
चैनो सुकून के सारे साजो सामान के बावजूद भी
कितनी बेचैनी है मेरे रातों में
तुम्हे पता चलेगा की
क्यों मेरी चुप्पी
जलती है मेरी डायरी में
क्यूँ तुम्हारी बाते आते है मेरे शायरी में
क्यूँ मेरी रातों का कोई सवेरा नहीं होता
क्यूँ मेरे ख्वाबों के परिंदों का
कोई बसेरा नहीं होता
क्यूँ मेरे खयालो में तेरा नाम बसता है
क्यूँ हिज्र की आग में मेरा दिल जलता है
कभी तुम चुपके से चुरा लेना
मेरे रात का एक टुकडा
और सो जाना मेरे रात के हिस्से में
तुम्हे पता चलेगा की
तुम्हारे प्रति मेरा पागलपन कितना जायज और लाजिमी है
कितना बेसब्र है मेरे रात का हर एक पल
तुम्हारे बाजुओं में बीतने के लिए

ब्रजेश कुमार सिंह "अरहान"

सृजन


मुझे नहीं पता है भौतिकी के सिद्धांतो के बारे में 
ना ही मुझे विज्ञान की थोड़ी सी भी समझ है 
ना ही मैं न्यूटन हूँ 
ना ही आइंस्टीन फिर
पर फिर भी  मैं 
अपने छोटे से तंग अँधेरे कमरे में 
तुम्हारे जुल्फों से रात बना सकता हूँ 
तुम्हारे चेहरे से चाँद बना सकता हूँ 
तुम्हारी बड़ी बड़ी आँखों से 
टिमटिमाते सितारे बना सकता हूँ 
तुम्हारे सुर्ख गुलाबी होठों से 
फूल बना सकता हूँ 
है मुझमे इतनी काबिलियत की मैं तुम्हारे स्पर्श से 
एक नया संसार बना सकता हूँ 

ब्रजेश कुमार सिंह "अराहान" 




सोमवार, 13 अगस्त 2012

कोई था

Photo Courtsey: Tumblr.com
कोई था जो हमारी शामें गुलजार किया करता था 
कोई था जो दरिया किनारे हमारा इंतज़ार किया करता था 
कोई था जो हम पे अपनी जान भी निसार करता था 
कोई था जो हम से भी प्यार करता था 

कोई था जिसके आने से ख़ुशी लौट आती थी 
कोई था जिसके जाने से आँखें नम हो जाती थी
कोई था जिसका तस्सव्वुर में आना जाना था 
कोई था जिसका ये दिल भी दीवाना था 
कोई था जो छिप चीप के हमारा दीदार किया करता था
कोई था जो हमारी सलामती के लिए अपनी खुशियाँ दरकिनार करता था
कोई था जो हमसे भी प्यार करता था

कोई था जिसका थाम के हाथ हम हर सीढ़ी चढ़ लेते थे
कोई था जिसकी आँखो में हम हर बात पढ़ लेते थें
कोई था जिसके लिए धड़कता था हमारा दिल भी
कोई था जो था हमारा रास्ता भी मंजिल भी
कोई था जो नजरो से हमारे दिल पे वार करता था
कोई था जो हमसे भी प्यार करता था

कोई था जो दिया बन जाता था अँधेरे में
कोई था संग हमारे हर शाम हर सवेरे में
कोई था संग हमारे सावन की घटा, वसंत की पुरवाई में
कोई था संग हम में हमारी परछाई में
कोई था जो हमको 'दूरियो से दूर बार बार किया करता था
कोई था जो हमसे भी प्यार करता था

कोई था जिसने संग हमारे खुशियो के बीज बोये थे
कोई था जिसने हमसे जाने कितने सपने संजोये थे
कोई था जिसने हमसे लाल जोड़े की, की अर्जी थी
पर सफ़ेद कफन था उसके नसीब में भगवान् की यही मर्जी थी
कोई था जिसके लिए हम पहली बार टूटे थे
बंद भीतर, दिल के जज्बात आँखों से टूटे थे
कोई था जो हमारे आंसूओं का ऐतबार किया करता था
कोई था जो हमसे भी प्यार करता था

कोई था जिसको ये दिल हर वक़्त याद किया करता है
गम भूलाने के लिए मयखाने आबाद करता है
वो जब भी हमें तनहा पाती हैं
हवाओं के संग पता नहीं कब चली आती है
बादलो और हवाओं में उसके अक्स का ये दिल दीदार करता है
कोई था जिसको ये दिल भी प्यार करता है

अराहान

शुक्रवार, 10 अगस्त 2012

वो लोग जो असफल होते हैं प्रेम में

Courtsey: Google.com
वो लोग जो असफल होते हैं प्रेम में 
अकसर कवितायेँ लिखा करते हैं 
रेत पर घरौंदे बनाते हैं 
तितलियों का पीछा करते हैं 
ओंस इ बूंदों ओ पिने की कोशिश करते हैं 
तारे गिना करते हैं 
समुन्दर की लहरों पर कागज़ के नाव तैराया करते हैं 
सुनसान पर टहला करते हैं 
मातम मानते हैं 
दर्द भरे नगमे गाते हैं 
बेवफाई की कहानियाँ पढते हैं 
और इन सब से थकने के बाद 
वे फिर से प्रेम करते हैं 
और असफल हो जाते हैं 

ब्रजेश कुमार सिंह "अराहान"
10 Aug 2012 

रविवार, 5 अगस्त 2012

मेहरुन्निसा क्या वो तुम हो

Photo Courtsey: Tumblr.com
मेहरुन्निसा क्या वो तुम हो
चाँद पर बैठी
चरखा कातती हुयी
मेहरुन्निसा क्या वो तुम्ही हो
जो लटका देती है ख्वाबों के रंग का एक पतला सूत
मेरे छत पर
और शायद इन्तजार करती हो मेरा
उसपर लटककर ऊपर आने का
अगर वो तुम्ही हो तो
भेजो कोई मोटी रस्सी
वो सूत का पतला धागा नहीं उठा सकता मेरा वजन
चौंको नहीं, मैं पहले की तरह ही दुबला पतला हूँ '
पर मेरा वजन बढ़ चुका है
मेरी दिल के कोठरियों में दबी उन अनकही बातो के भार से
जिन्हें मैं तुम्हे अक्सर बताने की कोशिश करता था पर बता ना सका
जिन्हें तुम सुन लेती तो,
 यूँ नजर ना आती चाँद पर चरखों से खामोशियों के धागे  कातते हुए
आसमान से नहीं टपकती तुम्हारे रोने की गीली आवाज
मेहरुन्निसा फ़ेंक दो जल्दी से कोई मोटी सी रस्सी
मैं ऊपर आकर तुम्हारे स्पर्श के गुरुत्वाकर्षण से
कम करना चाहता हूँ अपना वजन
बता देना चाहता हूँ वो सब
जिस से तुम अबतक अनजान हो
मेहरुन्निसा मैं तुमसे तबसे मोहब्बत करता हूँ
जब तुम एक कैटरपिलर हुआ करती थी
और मैं उलझा हुआ रहता था तुम्हारे रेशमी धागों में
तुम देखती थी हमेशा मुझे अपने मुस्कराहट की दूरबीन से
और मैं झेंपता था सुलझने की हर नाकामयाब कोशिश पर
मैं उलझा हे रहा उन रेशमी धागों में और
नजाने कब तुम तितली बन कर उड़ गयी
मुझे पता ना चला
तुम्हारे जाने के बाद मैं तुम्हे ढूँढता रहा
जब भी दिखाई देती कोई तितली
मैं पीछा करता उसका
और इसी कोशिश में  मैं कितनी बार गुमशुदा हो चुका हूँ
मुझे अब भी पता नहीं की कहाँ हूँ मैं
पर जहां भी हूँ मैं
वहाँ एक चाँद है
जिस पर तुम बैठी हो
चरखे से  सूत कातती हुयी
और शायद सुन रही हो मेरी बातें ध्यान से
मेहरूनिसा अगर तुम सुन चुकी हो सबकुछ
तो मेरी एक ख्वाहिश पूरी करना
मैं कल एक बेदाग़ चाँद देखना चाहता हूँ

अराहान
4 Aug 2012